भगवान कृष्ण की पावन भूमि से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टेली कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बच्चों से संवाद करेंगे। इनमें अक्षयपात्र के बेंगलूरू, अहमदाबाद, जयपुर, लखनऊ और गुवाहाटी केंद्र में बच्चों को मौका दिया गया है, जबकि 33 केंद्रों के बच्चे टेली कॉन्फ्रेंस देख सकेंगे। इसके लिए अक्षयपात्र परिसर में संचार कंपनी द्वारा इंटरनेट लाइन बिछाई गई है।
प्रधानमंत्री मोदी 11 फरवरी की सुबह 11:25 बजे वृंदावन के अक्षयपात्र पहुंचेंगे। इसके बाद कार्यक्रम स्थल के समीप बनाए गए भोजन कक्ष में जाएंगे। यहां पहले से मौजूद ब्रज के 20 बच्चों को भोजन परोसने के बाद उनके साथ भोजन भी करेंगे। फिर आयोजन स्थल से ही प्रधानमंत्री बच्चों से संवाद करेंगे।
वहीं गुरुवार और बुधवार को हुई बारिश के बाद बिगड़ी व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए अधिकारियों ने अक्षय पात्र में डेरा डाल दिया। शुक्रवार की सुबह होते ही कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलीपैड तक भरे बारिश के पानी की निकासी के प्रयास शुरु कर दिए गए। पंपिंग मशीनों के माध्यम से पानी को निकाला गया।