प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आगरा में होंगे। वो यहां साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल राम नाईक सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी कोठी मीना बाजार मैदान पर 3571 करोड़ रुपये लागत की 12 योजनाओं का लोकार्पण व 7 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। लोकार्पण में 2887 करोड़ की गंगाजल योजना प्रमुख है। इसके बाद कोठी मीना बाजार मैदान में जनसभा संबोधित करेंगे।
वहीं, शिलान्यास में स्मार्ट सिटी के तहत 285 करोड़ की एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र का निर्माण, 200 करोड़ रुपये की एसएन मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण का शामिल है।
23 विधानसभा क्षेत्रों से आएंगे लोग
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते अफसर
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को कोठी मीना बाजार मैदान पर जनसभा को संबोधित करने से पहले विभिन्न योजनाओं की सौगात शहर को देंगे। इसमें 12 योजनाओं का लोकार्पण और 7 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
जबकि इससे पहले सीएम की समीक्षा बैठक में प्रशासन की ओर से 56 योजनाओं का प्रजेंटेशन दिया गया था। इसमें 3016.88 करोड़ लागत की 20 योजनाएं लोकार्पण और 2125.11 करोड़ लागत की 36 योजनाएं शिलान्यास के लिए थीं।
मुख्यमंत्री योगी ने पीएम के हाथों दो करोड़ रुपये से अधिक की ही योजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण के निर्देश दिए थे। इसके बाद लोकार्पण की सूची से चार और शिलान्यास वाली सूची से 19 योजनाएं बाहर कर दी गईं। 5117.52 करोड़ रुपये की कुल 33 योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण का प्रस्ताव तैयार किया गया। लेकिन इसमें ऐन वक्त पर फिर बदलाव हुआ।
लोकार्पण के लिए प्रमुख योजनाएं
कार्यक्रम स्थल पर बनाया गया पंडाल
- फोटो : अमर उजाला
सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद शासन ने पीएम के हाथों पांच करोड़ या इसके आसपास लागत की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण तय किया गया है। इसमें सिविल एन्क्लेव योजना शामिल नहीं है।
बताया जा रहा है कि अनापत्ति प्रमाणपत्रों के अभाव में इस योजना को फिर से होल्ड कर दिया गया है। ऐसे में यह योजना लटकती नजर आ रही है। वहीं, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और इनररिंग रोड के पास प्रस्तावित हेलीपोर्ट योजना का पीएम शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री गंगाजल के रूप में शहर को बड़ी सौगात देंगे।
2887.92 करोड़ रुपये की गंगाजल योजना।
19.95 करोड़ की महिला चिकित्सालय में सौ शैया मैटरनिटी विंग का निर्माण।
15.98 करोड़ की आगरा नगर में सीवर गृह संयोजन योजना।
15.02 करोड़ की एत्मादपुर से अहारन मार्ग के रेल संपार संख्या 78 सी पर उपरिगामी सेतु।
14.64 करोड़ की राजकीय पॉलीटेक्निक, शमसाबाद योजना।
8.46 करोड़ की अतिरिक्त फल एवं सब्जी मंडी स्थल बरौली अहीर योजना।
7.20 करोड़ की पुलिस लाइन में 200 व्यक्तियों की क्षमता वाली बहुमंजिला बैरक का निर्माण।
6.49 करोड़ की बाईंपुर-सिकंदरा आगरा में पशु चिकित्सालय पॉलीक्लिीनिक की स्थापना।
5.50 करोड़ की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछनेरा योजना।
5.21 करोड़ की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंदौली योजना।
4.96 करोड़ की तहसील बाह में आवासीय योजना।
4.89 करोड़ की एसएन मेडिकल कालेज में प्री फैब्रीकेटेड बायोसेफ्टी क्लास योजना।
इन योजनाओं का होगा शिलान्यास
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
285 करोड़ की एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र का निर्माण योजना।
200 करोड़ की एसएन मेडिकल कालेज का उच्चीकरण योजना।
40 करोड़ की रक्षा गलियारे का निर्माण।
28 करोड़ की पूर्वी ताज नाले के जीर्णोद्धार की योजना।
9.02 करोड़ की अरनौटा, पिनाहट मार्ग का चौड़ीकरण योजना।
7.94 करोड़ की बाह-ऊदी मार्ग चौड़ीकरण योजना।
4.95 करोड़ की हेलीपोर्ट निर्माण योजना।
ऐन वक्त पर सूची से हटाया गया सिविल एंक्लेव
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का प्रस्ताव रद्द होने के बाद अब सिविल एन्क्लेव की योजना भी खटाई में पड़ती नजर आ रही है। प्रधानमंत्री आज (बुधवार) को जिन योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उसमें सिविल एन्क्लेव योजना शामिल नहीं है। जबकि चार जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक में प्रस्तुत सूची में यह योजना शामिल थी। ऐन वक्त पर इसमें बदलाव हुआ है।
कोठी मीना बाजार मैदान में विशाल पंडाल बनाया गया है। पंडाल पूरी तरह से आग व पानी से सुरक्षित है। आयोजन स्थल पर मंच के पीछे ही योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के लिए अलग से पंडाल बनाया गया है। इसमें चुनिंदा लोग ही रहेंगे।
मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री मोदी के अलावा राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री सत्पाल सिंह, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामशंकर कठेरिया, मथुरा सांसद हेमामालिनी, फतेहपुर सीकरी सांसद चौधरी बाबूलाल, हाथरस सांसद राजेश दिवाकर आदि मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करने के बाद शाम पांच बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में तीन हजार से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स भी लगाई गई है। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के कमांडो भी तैनात हैं।
खेरिया एयरपोर्ट से कोठी मीना बाजार तक छतों पर सुरक्षा (रूफ टॉप सिक्योरिटी) है। डी के अंदर सुरक्षाकर्मियों के अलावा किसी को प्रवेश नहीं करने दिया गया है। रैली स्थल पर मेटल डिटेक्टर मशीनें लगाई गई हैं। इनके भीतर से होकर ही प्रवेश दिया जा रहा है।
चेकिंग के लिए महिला पुलिस भी लगाई लगाई गई है। खुफिया एजेंसियां पहले से सक्रिय कर दी गई है। बम डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस) और डॉग स्क्वाड निरंतर चेकिंग कर रहे हैं। एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (एटीएस) भी तैनात है।