अगर, आप बृहस्पतिवार को घर से निकलने की सोच रहे हैं तो ध्यान दें। शहर में जाम परेशान करेगा। कोठी मीना बाजार मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा है। इस वजह से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सभा स्थल की तरफ कोई वाहन नहीं जा सकेगा। जनसभा में आने वालों को ही अनुमति होगी। प्रधानमंत्री के आगमन और प्रस्थान वाले टाटा गेट से सभा स्थल तक के रूट पर कोई भी वाहन नहीं चलेगा।
जनसभा के लिए पार्किंग
- फतेहपुर सीकरी मार्ग की तरफ से जनसभा में आने वाले वाहन पूर्वाह्न 11 बजे तक पृथ्वीनाथ फाटक से भोगीपुरा स्थित पार्किंग स्थल जैन मंदिर मैदान, राजीव टाॅकीज व भीम नगरी फेज-1 में खड़े होंगे।
विज्ञापन
- पूर्वाह्न 11 बजे के बाद फतेहपुर सीकरी मार्ग से जनसभा में आने वाले वाहन वायु विहार से अमरपुरा 100 फुटा अवधपुरी, मारुती एस्टेट, छोटा मामा फ्रेन्की कट से जयपुर हाउस होते हुए लोहामंडी तिराहे से जाकर जीआईसी मैदान में खड़े होंगे।
- मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़ की ओर से आने वाले वाहन भगवान टॉकीज से एमजी रोड, नालबंद और सुभाष पार्क से पंचकुइयां होते हुए जीआईसी मैदान व पुराना डायट परिसर में पहुंचेंगे।
- ग्वालियर रोड, मॉल रोड खेरिया मोड़ की तरफ से जनसभा में आने वाले वाहन क्लब चौराहा से एमजी रोड होते हुए कलेक्ट्रेट तिराहा से पुलिस लाइन परेड ग्राउंड व पुलिस चिकित्सालय पार्किंग एवं ईदगाह रेलवे स्टेशन पार्किंग में अपने वाहनों को पार्क करेंगे।
- जीआईसी, पुलिस लाइन, जिला चिकित्सालय और ईदगाह की पार्किंग भर जाने के बाद भगवान टाॅकीज, एमजी रोड से जनसभा में आने वाले समस्त प्रकार के वाहन एसएन मेडिकल पार्किंग में खड़े होंगे।
- ग्वालियर रोड, माॅल रोड व खेरिया मोड़ की तरफ से आने वाले वाहन पुलिस लाइन परेड मैदान, पुलिस चिकित्सालय, ईदगाह रेलवे स्टेशन पार्किंग भर जाने के पश्चात आगरा क्लब और बीएसएनएल मैदान में वाहनों को पार्क करेंगे।
- स्पीड कलर लैब तिराहा, शाहगंज, सत्तोलाला बैरियर के बीच सड़क पर वीआईपी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
- पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों को जूता प्रदर्शनी भवन पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराएगा।