आगरा। विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने समाज विज्ञान संस्थान में अर्थशास्त्र, नागरिक शास्त्र और भूगोल के विभाग स्थापित करके पढ़ाई कराने के निर्देश दिए हैं। सभी संस्थानों से नए पाठ्यक्रमों के संचालन का प्रस्ताव मांगा गया है। पाठ्यक्रमों का संचालन सेल्फ फाइनेंस में ही किया जाएगा।
प्रभारी कुलपति ने कहा कि जिन पाठ्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को रुझान अधिक है, उनमें सीटें बढ़ाई जानी चाहिए। एमएसडब्ल्यू, इंजीनियरिंग संस्थान और प्रबंधन के पाठ्यक्रमों में सीटें बढ़ाए जाने के लिए कहा। वहीं, जिन पाठ्यक्रमों में छात्रों के अनुपात में शिक्षकों की संख्या अधिक है, उनके पुनर्गठन पर भी जोर दिया। सभी संस्थानों में स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए कहा गया है। प्रभारी कुलपति ने एजूकेशन और लॉ के भी विभाग खोलने पर जोर दिया है। प्रभारी कुलपति के निर्देश पर संस्थानों और विभागों में नए पाठ्यक्रमों का प्रस्ताव तैयार किया जाने लगा है।