फोटो 32 सुल्तानगंज विकास खंड में नहर किनारे पौधरोपण के लिए किए गए गड्ढों में भरी मिट्टी। संवाद
बिछवां। विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को मनाया जाएगा। इसके लिए वन विभाग की ओर से क्षेत्र में गड्ढे भी कराए गए हैं। लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण इन गड्ढों न तो जरूरी खाद डाली गई और न ही इन गड्ढों की देखभाल की गई। पौधरोपण से पहले ही ये गड्ढे बंद होने लगे हैं।
विकासखंड सुल्तानगंज के नहर किनारे की पटरी पर पौधारोपण के लिए हजारों गड्ढे कराए गए। इन गड्ढों के मानक का कोई ध्यान नहीं रखा गया। पौधारोपण करने से पहले ही इन गड्ढों में खाद और जिप्सम से इन्हें भरना था। लेकिन वन विभाग की लापरवाही के चलते यह गड्ढे मिट्टी से पहले ही भर चुके हैं। इन गड्ढों में पौधरोपण कैसे होगा यह एक जांच का विषय है। स्थानीय निवासी लालाराम का कहना है कि पौधों के लिए 30 या 40 बोरी जिप्सम ही भेजी गई है जो मौके पर पड़ी है। एक ट्रॉली प्लास्टिक और कचरा से मिश्रित घूरा सोमवार को भेजा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सभी गड्ढे मिट्टी से भरे हुए हैं। इनमें जिप्सम और घूरा खानापूर्ति के नाम पर डाला जाएगा। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने पौधरोपण की जांच कराने की मांग की है। क्षेत्राधिकारी राममुसाफिर का कहना है कि गड्ढे मानक के अनुसार ही कराए गए हैं। इसके बाद भी गड्ढों में पौधे लगाने से पहले जांच कराई जाएगी।