ताजमहल पर पर्यटक को फोटो खिंचाने के लिए बुलाने को लेकर लाइसेंसी फोटोग्राफरों में विवाद हो गया, जिसमें मोहसिन के साथ मारपीट की गई और वह घायल होकर एसएन में भर्ती है। परिजन ने पर्यटन पुलिस पर कार्रवाई के बजाय समझौता कराने का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ताजगंज पुलिस ने जांच शुरू की।
ताजमहल घूमने आए पर्यटक परिवार को लपकने में लाइसेंसी फोटोग्राफर ही आपस में भिड़ गए। एक ने दूसरे को बेरहमी से पीट दिया। पीड़ित ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस से शिकायत की। पर्यटन थाना पुलिस ने लिखित समझौता कराया। इस पर पीड़ित पक्ष पुलिस आयुक्त के पास पहुंच गया। ताजगंज पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराया, वह एसएन में भर्ती है।
विज्ञापन
मामला सोमवार सुबह करीब नौ बजे का है। पीड़ित ताजगंज निवासी मोहसिन लाइसेंसी फोटोग्राफर हैं। परिजन ने बताया कि ताजमहल पर लाइसेंसी फोटोग्राफर पर्यटकों को असुविधा से बचाने के लिए आपस में नंबर तय करते हैंं। पर्ची के माध्यम से नंबर तय होता है। मोहसिन का नंबर आने पर एक उच्चवर्गीय परिवार के पास फोटो खिंचाने के लिए पूछने जाना था। इसी दौरान वहां पारस वशिष्ठ आ गया और नंबर काटकर खुद पर्यटक से बात करने लगा।
मोहसिन के विरोध करने पर उसका भाई लाइसेंसी फोटोग्राफर प्रशांत आ गया। दोनों ने मोहसिन की पिटाई कर दी। कोई नुकीली चीज से प्रहार कर देने पर कान व सिर पर चोट आई और खून बहने लगा। एसआई और सीआईएसएफ कर्मी मौके पर आ गए। कार्यालय में बिठाया। पीड़ित ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस से शिकायत कर दी। आरोप है कि पर्यटन थाना पुलिस दोनों पक्षाें को थाने लेकर आई। वहां समझौता करा दिया। आरोपी पक्ष के परिवार के पांच लोगाें के पास लाइसेंस है। परिवार का एक व्यक्ति स्थानीय नेता है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर ताजगंज पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। दुबारा पहुंचने पर पर्यटन पुलिस ने बताया कि उनके यहां सिर्फ पर्यटकों के प्रकरण दर्ज होते हैं, ताजगंज थाने जाओ।