मैनपुरी। कोतवाली पुलिस ने बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से अनुमति मांगी है। पुलिस की ओर से इसके लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया। बंदोबस्त अधिकारी के खिलाफ एक महिला ने यौन शोषण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिले में तैनात बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी लालता प्रसाद अहिरवार के खिलाफ एक महिला की ओर से कोतवाली में यौन शोषण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। महिला के साथ बदोबस्त अधिकारी का एक आपत्तिजनक अश्लील वीडियो भी वायरल हुआ था। सीजेएम कोर्ट में पुलिस द्वारा अधिकारी की गिरफ्तारी को लेकर अनुमति मांगी गई है। वारंट मिलने के साथ ही पुलिस बंदोबस्त अधिकारी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटेगी। दूसरी ओर बंदोबस्त अधिकारी के निलंबन की जिलाधिकारी ने संस्तुति की है। कोतवाल विक्रम सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी वारंट के लिए कोर्ट में आवेदन किया गया है। वारंट जारी होते ही आरोपी अधिकारी की गिरफ्तारी की जाएगी।