आगरा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने रविवार को नुक्कड़ नाटक से लोगों को जागरूक किया। स्वच्छता ही सेवा मुहिम के तहत बल्केश्वर क्षेत्र में लोगों को सफाई का महत्व समझाया गया। बल्केश्वर चौराहा क्षेत्र में आयोजित नुक्कड़ नाटक में कलाकारों ने आमजन व दुकानदारों को समझाया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं और कूड़ा हमेशा निर्धारित स्थान पर ही डालें। टीम ने संदेश दिया कि जनभागीदारी से ही शहर को पूरी तरह स्वच्छ बनाया जा सकता है।
सेक्टर-6डी में बनेगा नया पार्क
वार्ड 47 आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-6डी में नगर निगम निधि से एक नए पार्क का निर्माण होगा। क्षेत्रीय पार्षद निरंजन सिंह कैम के प्रयासों और मेयर हेमलता दिवाकर के सहयोग से रविवार को नवरात्र में इसका शिलान्यास किया गया। ललित चतुर्वेदी और डॉ. पार्थ सारथी शर्मा ने नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर मनोज शर्मा, जवाहर सिंह, संध्या जोशी, विजय खंडेलवाल और सुधीर चौबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।