ऑक्सीजन प्लांट में सिलिंडर भरता कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए तीमारदारों की दौड़ बरकरार है। सिकंदरा से लेकर टेढ़ी बगिया तक खाली सिलिंडर भरवाने के लिए तीमारदार सुबह से रात तक भागदौड़ को मजबूर हैं। टूंडला, फिरोजाबाद, हाथरस से भी तीमारदार सिलिंडर भरवाने के लिए आ रहे हैं।
सिकंदरा के औद्योगिक क्षेत्र में एडवांस गैस प्लांट है। यहां हर दिन 1000 से 1200 सिलिंडर आपूर्ति क्षमता है। सुबह 6 बजे से यहां तीमारदार सिलिंडर रीफिल कराने के लिए टोकन ले रहे हैं। हर दिन 100 से 150 तीमारदार पहुंचते हैं। दोपहर एक बजे तक यहां लाइन लगी रहती है।
दूसरी तरफ टेढ़ी बगिया, जलेसर रोड स्थित नए ऑक्सीजन प्लांट पर 1400 से 1600 सिलिंडर रोज आपूर्ति है। यहां 200 से अधिक तीमारदार सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक सिलिंडर के लिए पहुंच रहे हैं। सिलिंडर रीफिलिंग में दो से तीन घंटे का समय लग रहा है। एक बार में 25-25 समूह में सिलिंडर भरे जा रहे हैं।
पांच घंटे करना पड़ा इंतजार
टूंडला के राजू कुशवाह ने बताया कि मेरे भाई की पत्नी टूंडला में भर्ती है। यहां सुबह 7 बजे टेढ़ी बगिया ऑक्सीजन प्लांट पर आया हूं। 12 बजे सिलिंडर मिला है। पांच घंटे इंतजार करना पड़ा।
रोज खत्म हो रहे दो सिलिंडर
दयालबाग के हरीश गुप्ता ने कहा कि मेरे पिता जी कोविड संक्रमित हैं। होम आइसोलेशन में भर्ती हैं। उनका ऑक्सीजन लेवल 80 है। तीन दिन से रोज सुबह शाम दो सिलिंडर चाहिए। एक मिल पाता है।
नहीं मिला ऑक्सीजन सिलिंडर
आवास विकास कॉलोनी के मनोज शुक्ला ने कहा कि सिकंदरा से ऑक्सीजन नहीं मिला। फिर टेढ़ी बगिया गया। वहां भी बिना पर्चा सिलिंडर भरने से मना कर दिया। मेरा भाई बीमार है। घर में इलाज चल रहा है।
वेंडर कर रहे अस्पतालों में आपूर्ति
डीएम के अनुसार निजी कोविड अस्पतालों को ऑक्सीजन प्लांट से सिलिंडर की आपूर्ति सीधे वेंडर से कराई जा रही है। सिलिंडर के लिए अस्पताल स्टाफ को आने की जरूरत नहीं है। उधर, आईएमए के एक पदाधिकारी को नोडल नामित किया है। नॉन कोविड अस्पतालों के लिए ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित कराएंगे।
लोगों की जरूरत के मुताबिक बढ़ेगी आपूर्ति
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने कहा कि अस्पतालों में आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है अब वहां कोई खास परेशानी नहीं है। होम आइसोलेशन में भर्ती मरीजों के लिए उनके तीमारदारों को ऑक्सीजन दी जा रही है। अगर एनकी जरूरत बढ़ेगी तो आपूर्ति भी बढ़ाई जाएगी। तीमारदार को चिकित्सक का पर्चा, आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य है।