उफनते सीवर और टूटे पड़े नालों की समस्या दूर करने की मांग करते हुए नगर निगम में सोमवार को डॉ. आंबेडकर अनुयायी एकता फाउंडेशन ने प्रदर्शन किया। दर्जनों लोग हाथों में गंदगी व उफनते सीवर के फोटो लेकर निगम पहुंचे और मेयर एवं नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
विज्ञापन
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि शहर के वार्ड 4, 5, 7, 42 व 81 के देवरी रोड, भीम नगर, सेवला जाट अन्य इलाकों में हालात बेहद खराब हैं। थाना लोहामंड़ी के पीछे बस्ती में नाला खुला होने से हादसे हो जाते हैं। जब भी कोई वीआईपी आता है, तो नाले को पर्दे लगाकर ढक दिया जाता है। सफाई नहीं है, सड़कें टूटी हुई हैं। गंदगी फैलने की वजह से लोग बीमार हो रहे है। लोगों ने मांग की है जल्द समस्या का समाधान कराया जाए।
संस्था के अध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि पहले भी ज्ञापन दिया जा चुका है। अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। ज्ञापन लेने आए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने लोगों को जल्द निरीक्षण करा समस्या हल कराने का आश्वासन दिया है।