मैनपुरी में चोर बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। कोतवाली क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां कुरावली मार्ग स्थित एक मैरिज होम में गुरुवार की सुबह एक युवक चोरी के इरादे से घरातियों के कमरे में घुस गया। वह वहां सो रही एक महिला की पायल उतार रहा था, तभी लोगों ने उसे पकड़कर पीट दिया। इसके बाद चोर को पुलिस के हवाले कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र में मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर नारम सिंह के मैरिज होम में बुधवार को उनके एक रिश्तेदार का शादी समारोह था। गुरुवार की सुबह घराती और बराती कमरों में सो रहे थे, तभी एक युवक कमरे में दाखिल हुआ। वह वहां सो रही एक महिला की पायल उतारने लगा। तभी वहां मौजूद अन्य लोगों की नजर उस पड़ी। लोगों ने चोर को पकड़ लिया।
शोर-शाराबा सुनकर महिला की जाग गई, जब उसे पता चला कि चोर उसकी पायल निकाल रहा था तो उसके होश उड़ गए। घटना से गुस्साए लोगों ने चोर की जमकर पिटाई लगाई। इस बीच सूचना पाकर थाना पुलिस वहां पहुंच गई। लोगों ने चोर को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नीलेश निवासी बिछवां बताया। मैरिज होम संचालक की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।