कासगंज। न्यौली चीनी मिल गन्ना किसानों की मेहनत में अब तेजी से मिठास घोल रही है। पिछले साल भले ही गन्ने की बिक्री और भुगतान को लेकर किसान परेशान होकर दर दर भटके हो, लेकिन इस बार चीनी मिल गन्ने के भुगतान को लेकर गंभीर है। पिछले सप्ताह पुराने पेराई सत्र का शत-प्रतिशत भुगतान करने के बाद मिल ने नए पेराई सत्र में नवंबर माह तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान कर दिया है।
जिला प्रशासन और गन्ना विभाग की सख्ती का असर किसानों को राहत दे रहा है। गन्ना विभाग द्वारा चीनी मिल को नए पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने के भुगतान के लिए नोटिस दिया गया। वैसे तो मिल ने पिछले सप्ताह ही पुराने पेराई सत्र का भुगतान किया, लेकिन नोटिस मिलने के बाद अब नए सत्र की खरीद का भुगतान भी तेजी से किया जा रहा है। नवंबर 2019 माह तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान कर दिया गया है। एडवाइजरी तैयार करने के बाद खातों में चीनी मिल ने धनराशि भेज दी है।
मिल के बाहर लग रहीं गन्ना वाहनों की कतार
न्यौली चीनी मिल के बाहर गन्ने के वाहनों की कतार अभी भी लग रहीं हैं। भले ही चीनी मिल अब तक बड़े क्षेत्रफल के गन्ने की खरीद कर चुका हो, लेकिन संभावना है कि मार्च तक न्यौली चीनी मिल में गन्ना लेकर किसान पहुंचते रहेंगे।
आंकड़े की नजर से-
- 30 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने का किया गया भुगतान।
- 2 करोड़ रुपये भेजे गए किसानों के खातों में।
- 1025 किसानों के खातों में पहुंची धनराशि।
- 14 लाख कुंतल से अधिक गन्ना चीनी मिल ने खरीदा।
भेजी गई धनराशि
- नवंबर तक खरीदे गए गन्ने की धनराशि किसानों के खाते में भेज दी गई है। और भुगतान की तैयारी की जा रही है- ओम प्रकाश यादव, जिला गन्ना अधिकारी।
जल्द भुगतान होगा
- एडवाइजरी तैयारी की जा रही है। जल्द ही और भी भुगतान कर दिए जाएंगे। किसानों के खाते में धन भेज रहे हैं- एसपीे सिंह, महाप्रबंधक, चीनी मिल।