आगरा। सेंट पीटर्स कॉलेज ओल्ड बॉयज एसोसिएशन की ओर से आयोजित ओसवाल क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को सुपर लीजेंड्स वर्ग के लीग मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। जहां एक मैच अंतिम ओवर तक सांसें थाम देने वाला रहा, वहीं दूसरे मुकाबले में पॉल्स टाइटंस ने दमदार प्रदर्शन कर फाइनल का टिकट पक्का किया।
पहले मैच में पीटर्स सुपरकिंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। फ्रांसिस एवेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 156 रन बनाए। विवेक द्विवेदी ने 72 और सौरभ खन्ना ने 52 रन का योगदान दिया। रोहित गुप्ता ने 3, अनमोल असीजा, चंदन और किशन कालरा ने एक-एक विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीटर्स सुपरकिंग्स ने 19.3 ओवर में 5 विकेट पर 157 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। मैच अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा। राकेश विज ने 42 गेंदों में 50 रन, अंकुर अग्रवाल ने 37 और किशन कालरा ने 18 रन बनाए। सौरभ खन्ना और रुचिर मेहता ने 2-2 विकेट लिए। राकेश विज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में पॉल्स टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 164 रन बनाए। यश उपाध्याय ने 52, शशांक कौल ने 39, अमन ने 22 और गौरव माथुर ने 19 रन बनाए। सागर भटनागर और अमित शुक्ला ने 2-2, गौरव टंडन ने एक विकेट प्राप्त किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लॉरेंस यूनाइटेड 4 विकेट पर 152 रन ही बना सकी। नितिन अग्रवाल ने 53, अक्षत रल्हन ने 21 और अमित चौहान ने 19 रन बनाए। नरेंद्र रमानी ने 2 विकेट, पुनीत खंडेलवाल और स्वप्निल सिंह को 1-1 सफलता मिली। यश उपाध्याय को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरी फाइनल टीम का फैसला आज
इस जीत के साथ पॉल्स टाइटंस सुपर लीजेंड्स वर्ग के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। फाइनल खेलने वाली दूसरी टीम का फैसला शुक्रवार को मुकाबले से होगा। अंपायर की भूमिका श्याम सुंदर और वकार अहमद ने निभाई, जबकि स्कोरिंग मनु और कमेंट्री नरेंद्र शर्मा ने की। इस अवसर पर भारत महाजन, डॉ. पराग गौतम, डॉ. राजीव फिलिप, रामानंद चौहान, डॉ. निशांत चौहान, अनमोल कोहली, उदय गोयल, हर्ष शर्मा सहित कई पूर्व छात्र मौजूद रहे।