मैनपुरी। 44 डिग्री तापमान के बीच जिले में डायरिया, पेटदर्द और सांस की दिक्कत के मरीजों की संख्या बढ़ चली है। जिला अस्पताल आने वाले मरीजों को बेड तक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। रविवार को एक-एक बेड पर दो-दो मरीज भर्ती देखे गए। डायरिया और सांस की दिक्कत से पीड़ित 27 मरीज भर्ती कराए गए। चार मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
रविवार को सुबह आठ बजे से ही जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ दिखाई दी। देर शाम तक यहां एक के बाद एक 27 मरीज डायरिया, पेटदर्द और सांस की समस्या से पीड़ित होने पर भर्ती कराए गए। अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण बेडों की कमी देखी गई। एक-एक बेड पर दो-दो मरीज लिटाए गए। अस्पताल में बेड की कमी की समस्या आज की नहीं है पिछले एक पखवाड़े से लगातार यह समस्या जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बनी हुई है लेकिन जिम्मेदार इस समस्या से निजात के प्रयास नहीं कर रहे हैं।
दूसरी मंजिल पर पंखों के सहारे मरीज
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण कुछ मरीजों को डेंगू वार्ड में दूसरी मंजिल पर भर्ती कराया गया है। यहां मरीजों के लिए गर्मी से निजात की भी उचित व्यवस्था नहीं की गई है। यहां भर्ती होने वाले मरीजों के लिए कूलर नहीं लगाया गया है जबकि दूसरी मंजिल पर 44 डिग्री तापमान के बीच मरीज तप रहे हैं। यहां लगे पंखे गर्म हवा फेंक रहे हैं। जिम्मेदारों को मरीजों की समस्यााएं दिखाई नहीं दे रही हैं।
-
छुट्टी वाले दिन भ्रमण पर नहीं पहुंचते चिकित्सक
जिला अस्पताल में अवकाश वाले दिन मरीज रामभरोसे ही रहते हैं। अवकाश वाले दिन इंडोरवार्ड में भर्ती चिकित्सक सुबह-शाम मरीजों को देखने के लिए नहीं पहुंचते हैं। रविवार को यहां मौजूद रानी देवी ने बताया कि उनकी देवरानी यहां भर्ती है उसे देखने के लिए शनिवार की शाम से कोई डॉक्टर नहीं आया है। नर्सेज स्टाफ से जब बात की तो बताया कि सोमवार को ही अब डॉक्टर देखने के लिए आएंगे।
अस्पताल आने वाले मरीजों को हर संभव उपचार दिलाया जा रहा है। इंडोर वार्ड फुल होने के बाद दूसरी मंजिल पर डेंगू वार्ड खुलवा दिया गया है। दूसरी मंजिल पर जल्द मरीजों के लिए कूलर की व्यवस्था की जाएगी। -डॉ. मदनलाल, सीएमएस