देशभर में परिचालन अव्यवस्था का सामना कर रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइटों का आगरा में भी शुक्रवार को संचालन प्रभावित रहा। बंगलूरू जाने और आने वाली फ्लाइटें जहां बिना पूर्व सूचना के निरस्त हो गईं। वहीं, अहमदाबाद से आने वाली फ्लाइट तीन घंटे की देरी से पहुंची। इसकी वजह से यात्रियों और एयरलाइंस कर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई। इस दौरान एयरपोर्ट के अधिकारी यात्रियों को समझाने में जुटे रहे।
यात्रियों का आरोप था कि एयरलाइंस जानबूझकर यात्रियों को परेशान कर रही है जबकि वह चाहे तो सभी यात्रियों को पहले सूचना दे सकती है। आगरा एयरपोर्ट के निदेशक विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि यात्रियों को समझाने का प्रयास किया गया। उनमें से कई यात्रियों का कहना था कि इंडिगो की मनमानी की वजह से कनेक्टिंग फ्लाइटें भी छूट गईं। उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत करा दिया गया है। बता दें, बृहस्पतिवार को भी इंडिगो की फ्लाइटों के शेड्यूल में अचानक बदलाव होने की वजह से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई थी। तीन फ्लाइटें एक ही समय पर एयरपोर्ट पहुंच गई थीं, जबकि सभी को अलग-अलग समय पर लैंड होना था।
कोई ट्रेन से गया तो किसी ने पकड़ी बस
फ्लाइट निरस्त होने की वजह से शुक्रवार को दिनभर यात्री परेशान हुए। किसी ने ट्रेन का सहारा लिया तो किसी ने सड़क मार्ग का विकल्प चुना। कमला नगर निवासी कारोबारी अनूप गोयल ने बताया कि उन्हें बृहस्पतिवार को पुणे से दिल्ली होकर आगरा पहुंचना था। एयरलाइंस ने बिना सूचना दिए फ्लाइट निरस्त कर दी। अब वह ट्रेन से लौट रहे हैं। वहीं, राजीव कुमार ने बताया कि फ्लाइट निरस्त होने की वजह से उनके भाई संजीव को सड़क मार्ग से दिल्ली पहुंचकर दूसरी फ्लाइट पकड़नी पड़ी।