मैनपुरी। गाजियाबाद से रोडवेज बस में बैठकर कन्नौज जा रहे एक यात्री का बैग गायब हो गया। बैग ले जाने वाला अपना बैग वहीं पर छोड़ गया। इसमें उसके व परिवार की फोटो है। पीड़ित ने काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
गाजियाबाद के थाना खोड़ा क्षेत्र के नवनीत विहार निवासी शिवनंदन सिंह सिक्योरिटी कंपनी चलाते हैं। वह मूल रूप से कन्नौज के गुरसहायगंज के रहने वाले हैं। सोमवार की रात वह कन्नौज आने के लिए मैनपुरी डिपो की बस में बैठे थे। बस में एक अन्य युवक उसकी पत्नी व दो बच्चे बैठे थे। शिवनंदन जब मंगलवार की सुबह रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे और बैग को देखा तो कुछ शक हुआ।
बैग को खोलकर देखा तो उसमें एक महिला व बच्चों के कुछ कपड़े रखे थे। यह बैग भी उसका नहीं था। उन्होंने बस में साथ बैठकर आए युवक व परिवार के लोगों की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बैग में करीब 1.69 रुपये, एटीएम आदि कागजात रखे हुए थे। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी।