संजय प्लेस, शाह मार्केट में संचालित हो रहीं अवैध पार्किंग
रसीद न लेने पर वाहन चालकों से पार्किंग कर्मी करते हैं मारपीट
शहर में तमाम सार्वजनिक स्थानों पर डंडे के जोर पर अवैध पार्किंग संचालित हो रही हैं। वाहन चालकों से जबरन वसूली की जाती है। रसीद न कटवाने की स्थिति में मारपीट तक की नौबत आ जाती है। संजय प्लेस के अधिकांश ब्लॉक और शाह मार्केट में ऐसा ही हो रहा है।
आगरा का कनाट प्लेस कहे जाने वाले संजय प्लेस में सालों से अवैध पार्किंग संचालित हो रही हैं। यहां दोपहिया वाहन से प्रति वाहन पांच रुपये वसूले जाते हैं। उन्हें एक पर्ची भी दी जाती है। यदि कोई वाहन चालक पर्ची लेने से इनकार करता है तो ठेकेदार के संरक्षण में मौजूद युवक मारपीट पर उतारू हो जाते हैं या उसे वाहन नहीं खड़ा करने देते। ऐसा ही हाल शाह मार्केट के मोबाइल बाजार का है। यहां शहर और आसपास के क्षेत्रों से तमाम लोग आते हैं। यहां भी दिनभर जबरन वसूली होती है। इससे नगर निगम को तो राजस्व की हानि हो ही रही है, साथ ही लोग भी परेशान हो रहे हैं। नियम के तहत इन पार्किंगों का ठेका नगर निगम को उठाना चाहिए। ऐसा नहीं कि नगर निगम इससे अनजान है। दरअसल, ये अवैध पार्किंग उसी की शह पर संचालित हो रही हैं।
संजय प्लेस और शाह मार्केट सहित कई स्थानों पर अवैध पार्किंग संचालित हो रही हैं। इन्हें कई बार चेतावनी दी जा चुकी है। कुछ दिन बंद कर ये फिर से अधिक पैसे लेने लगते हैं। इनके खिलाफ जल्द ही पुलिस में रिपोर्ट लिखवाई जाएगी।
- अनिल कुमार, उप नगर आयुक्त
पुलिस भी खामोश
संजय प्लेज की अवैध पार्किंग पर पुलिस भी खामोश है। वो भी तब जबकि यहां सबसे ज्यादा वाहन चोरी होती है। पुलिस सूत्रों की मानें तो वाहन चोरी के पीछे पार्किंग माफियाओं का हाथ है। जो लोग इनकी अवैध पार्किंग से दूर वाहन खड़ा करते हैं, उनके वाहन चोरी कर लिए जाते हैं। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा वाहन चोरी हरीपर्वत थाने में दर्ज होती हैं। इस थाना क्षेत्र में भी सबसे ज्यादा संजय प्लेस में। पिछले महीने 40 वाहन चोरी दर्ज की गई। इसके बावजूद पुलिस पार्किंग माफियाओं पर कार्रवाई नहीं कर रही।
नगर निगम ने एक बार भी अवैध पार्किंग हटाने के लिए फोर्स नहीं मांगी है। कुछ दिन पहले एएसपी अनुराग वत्स ने नगर निगम से कहकर अवैध पार्किंग पर एक्शन लिया था। जब भी निगम कहेगा, तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
- सुशील घुले (एसपी सिटी)
प्राचार्य ने दी पार्किंग ठेकेदार को हिदायत
एसएन मेडिकल कालेज में पार्किंग के लिए तय कीमत से अधिक रुपये लेने की शिकायत पर प्राचार्य डा. एसके गर्ग ने ठेकेदार को सख्त हिदायत दी। स्पष्ट कहा कि दोबारा ऐसी शिकायत मिलने पर टेंडर निरस्त कर दिया जाएगा। जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक ने ठेकेदार से मरीज और तीमारदारों से अभद्रता न करने की चेतावनी दी। बता दें कि अमर उजाला ने चिकित्सकीय संस्थानों में पार्किंग के ठेकेदारों द्वारा अधिक पैसे लेने और तीमारदारों से अभद्रता करने की खबर प्रकाशित की थी।