मथुरा। रतन लाल फूल कटोरी स्कूल के बाहर फीस वृद्घि के विरोध में प्रदर्शन करते अभिभावक।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। राज्य सरकार की निर्धारित फीस नीति को दरकिनार करते हुए फीस वृद्धि करने वाले रतनलाल फूट कटोरी बालिका विद्यालय के द्वार पर अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे अभिभावकों ने साफ कर दिया कि सरकार के अधिनियम के विपरीत फीस कतई स्वीकार नहीं करेंगे। इसके खिलाफ उनकी मुहिम जारी रहेगी।
पिछले कई माह से रतनलाल फूल कटोरी बालिका विद्यालय फीस वृद्धि का मामला प्रशासन में छाया हुआ है। अभिभावकों ने इसकी शिकायत डीएम और डीआईओएस से भी की थी। इसमें राज्य सरकार की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार बगैर अनुमोदन के लिए विद्यालय द्वारा फीस बढ़ाए जाने का मामला पाया गया था।
इसमें विद्यालय प्रबंधन को नोटिस भी जारी किया गया। कहा कि फीस वृद्धि के फैसले को स्थगित करें, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने डीआईओएस के नोटिस को दरकिनार कर दिया। इसके खिलाफ लामबंद हुए अभिभावकों ने शुक्रवार को विद्यालय के गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। हालांकि इस दौरान विद्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए बाउंसर बुला लिए। फिर भी अभिभावक विद्यालय के बाहर जुटे रहे।
अभिभावक संघर्ष समिति ने तय किया है कि अब अगले शनिवार को एक बार फिर अभिभावक विद्यालय के बाहर जुटेंगे। प्रबंधक के तानाशाही के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। इस दौरान अशोक राज सिंह एड, संजय सिंह, शिवकुमार दीक्षित, हरिओम सारस्वत, भुवनेश्वर सिंह एड, प्रतीक शर्मा, अशोक सिसौदिया, डॉ. शालिनी, शिखा गौतम, विनीता, ममता सिंह आदि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।