पैरा ब्रिगेड के जवान हरदीप सिंह का फाइल फोटो
आगरा में पैराजंपर हरदीप (26) की मौत की वजह उनके सिर में गहरी चोट बताई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका उल्लेख किया गया है। उनके शरीर में और भी कई जगह चोट लगी थी। इसकी वजह उनका 11.5 हजार फुट की ऊंचाई से गिरना रही। उनका पैराशूट नहीं खुला था। परिजन उनका शव गुरुवार देर रात पटियाला ले गए।
11 वीं पैरा रेजिमेंट के होनहार पैराजंपर हरदीप ( 26) पटियाला के सबाना तहसील के गांव समंडी मलिक के रहने वाले थे। उनका पैराशूट की साइड की डोरियां ( रस्सी) उनके एक हाथ में फंसी मिली। माना जा रहा है कि ये रस्सियां खुलने के बजाय आपस में उलझ गईं। इसी कारण से पैराशूट नहीं खुला। यही उनकी मौत की वजह बना।
हरदीप मलपुरा के पैराड्रोपिंग जोन में पैराजंपिंग कर रहे थे। गुरुवार दोपहर को जहाज एएन-32 से छलांग लगाई थी। उनके घायल होते ही गुरुवार दोपहर को ही उनके पिता भूपेंद्र सिंह को फोन पर सूचना दे दी गई थी। भूपेंद्र सिंह और अन्य परिजन तुरंत आगरा के लिए रवाना हो गए। उधर, शाम को हरदीप ने सैन्य अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।