आगरा के एत्मादपुर कस्बे सहित आसपास के कई गांवों में रात के अंधेरे में उड़ते ड्रोन से ग्रामीणों में दहशत है। घबराए लोग रात में पहरा देने लगे हैं। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर पुलिस और सोशल मीडिया पर भी वायरल किया। वहीं एत्मादपुर के भाजपा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने ड्रोन उड़ने के मामले में संज्ञान लेते हुए गृह सचिव संजय प्रसाद से फोन पर बातकर उन्हें इससे अवगत कराया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 9 बजे एत्मादपुर क्षेत्र के कई गांवों के ऊपर ड्रोन उड़ता नजर आया। लोग घरों से बाहर निकलकर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि रात आसमान में चमकती रोशनी और आवाज के साथ ड्रोन मंडराता हुआ दिखा। पहले लोगों को लगा कि यह कोई साधारण आतिशबाजी या खिलौना हो सकता है, लेकिन जैसे-जैसे ड्रोन अलग-अलग गांवों की ओर बढ़ा, ग्रामीण चिंतित हो उठे।
इस दौरान लोगों ने ड्रोन को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी। एत्मादपुर कस्बे के मोहल्ला सतौली में दो ड्रोन देखे गए। वहीं अरेला, नगला हंसराज, नगला रामबक्स, बहरामपुर, छिरवाई, समेत 12 से अधिक गांवों में इसे देखा गया। ग्रामीणों ने रात में पहरा देकर ड्रोन पर नजर रखी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न घटे। ग्रामीणों में आशंका है कि कहीं कोई खुफिया गतिविधि तो नहीं चल रही है। ग्रामीणों ने ड्रोन उड़ने की जानकारी पुलिस को भी दी।
इंस्पेक्टर एत्मादपुर ने बताया कि ड्रोन उड़ान की पुष्टि हुई है और इसकी जांच कराई जा रही है। ड्रोन उड़ने की सूचना पर गावों में रात के समय पुलिस टीम को भी भेजा गया था।
वहीं विधायक डॉ धर्मपाल सिंह लोगों से परेशान नहीं होने की बात कहते हुए बताया कि ड्रोन उड़ने की जानकारी गृह सचिव संजय प्रसाद को दे दी गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में जानकारी मांगी है।
ड्रोन को लेकर जनप्रतिनिधियों की थाने पर हुई बैठक
क्षेत्र में रात्रि में ड्रोन उडने के संबंध में शनिवार को थाना बरहन परिसर में एसीपी एत्मादपुर की अध्यक्षता में बैठक हुई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की। एसीपी एत्मादपुर ने बताया कि इन दिनों ड्रोन की अफवाहों से बचने और पंचायत चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई।