दिहुली उर्स को लेकर बरनाहल थाने में दोनों पक्षों के बीच हुई पंचायत में मौजूद लोग व अधिकारी। संव
मैनपुरी। बरनाहल थाना क्षेत्र के दिहुली में लगने वाले उर्स को लेकर दो पक्षों में आपसी सहमति के लिए बुधवार को पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में थाने में पंचायत हुई। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को दो टूक कहा कि आपसी सहमति से आयोजन कराएं। अगर, सहमति नहीं बनी तो उर्स कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दिहुली में हर वर्ष 6 से 8 फरवरी तक उर्स लगता है। इस उर्स की कमेटी छोटे खान के नाम से थी। मार्च 2023 से अकील खान और मुहम्मद अनीश खां के बीच कमेटी को लेकर वक्फ बोर्ड, लखनऊ में मामला विचाराधीन है। कुछ दिन पूर्व ही दोनों पक्ष मुहम्मद अनीश और छोटे खान की ओर से उर्स लगाने को लेकर सहमति पत्र एसडीएम के यहां दिया गया था। इसको लेकर बुधवार को बरनाहल थाने में एडीएम रामजी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास, सीओ करहल अजय कुमार, एसडीएम करहल नीरज द्विवेदी ने दोनों पक्षों को बुलाकर बैठक की। इसमें अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत की। अधिकारियों ने कहा कि उर्स के लिए दोनों पक्ष आपसी सहमत बनाकर आवेदन करें। साथ ही संयुक्त रूप से उर्स का आयोजन कराएं। अगर, आपसी सहमति नहीं बन रही है तो उर्स का आयोजन नहीं कराया जाएगा।