कासगंज। पंचायत चुनाव के लिए जरूरत पड़ने वाले वाहनों के अधिग्रहण के लिए परिवहन विभाग ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। वाहनों को अधिग्रहण करने के लिए विभाग पुलिस की मदद लेगा। वाहनों के संचालकों के पास पुलिस की मदद से नोटिस भेजे जाएंगे।
पंचायत चुनाव कराने के लिए सरकारी वाहनों का टोटा है। ऐसे में निजी वाहनों के सहारे पंचायत चुनाव संपन्न कराया जाएगा। चुनाव में लगने वाले मजिस्ट्रेट आदि के लिए कारों की व्यवस्था की जाएगी। विभाग को लगभग 158 कारों की आवश्यकता पड़ेगी। इसके अलावा चुनाव के दौरान पोलिंग पार्टियों को बूथों तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था की जा रही है।
लगभग 315 बसों की चुनाव के दौरान जरूरत पड़ेगी। इसके अलावा पुलिस के लिए ट्रक, मेटाडोर आदि की आवश्यकता पड़ेगी। इसके लिए विभाग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिवहन विभाग को वाहनों की व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी है। परिवहन विभाग ने जिले में मौजूद वाहनों को सूचीवद्ध कर नोटिस तैयार करना शुरू कर दिया है। पुलिस के माध्यम से ये नोटिस वाहन संचालकों को उपलब्ध कराए जाएंगे। ताकि वे निर्धारित तिथि पर अपने वाहन उपलब्ध करा सकें।
चुनाव के लिए वाहनों के अधिग्रहण के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। वाहन संचालकों को पुलिस के माध्यम से नोटिस भेजे जाएंगे। जो वाहन संचालक अपने वाहन चुनाव के लिए उपलब्ध नहीं कराएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -राजेश राजपूत, एआरटीओ