वर्ष 2015 में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में चयनित जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल 25 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी जनप्रतिनिधि पद पर बने रहेंगे या नहीं इस पर फिलहाल असमंजस बरकरार है। शासन से अब तक कोई आदेश न आने के चलते प्रशासन भी कोई निर्णय नहीं ले पा रहा है।
मैनपुरी जिले में पांच साल पहले 25 दिसंबर 2015 को ग्राम पंचायतों में चुनाव हुआ था। इसमें ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य चयनित हुए थे। ये सभी पांच साल का कार्यकाल 25 दिसंबर को पूर्ण कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण के चलते पांच साल के अंदर चुनाव न हो पाने से इन सभी के कार्यकाल को लेकर असमंजस खड़ा हो गया है।
दरअसल, तीन दिन बाद 25 दिसंबर को पांच साल होने के बाद कार्यकाल खत्म हो जाएगा, लेकिन अब तक शासन ने इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया है। आदेश न आने के कारण प्रशासन भी किसी निर्णय पर नहीं पहुंच पा रहा है।