इस बार पंचायत चुनाव में सीटों के आरक्षण की व्यवस्था ऑनलाइन जारी होगी। कोई भी घर बैठे पंचायत चुनाव के आरक्षण के बारे में पता कर सकेगा। ग्राम पंचायतों के आरक्षण की सूची के लिए ब्लॉकों में ग्राम पंचायतों के जातीय आंकड़ों का डाटा फीड किया जा रहा है।
पंचायत चुनाव में आरक्षण सूची तैयार करने के लिए सभी 15 ब्लॉकों की 690 ग्राम पंचायतों में वहां की आबादी के जातीय आंकड़ों की फीडिंग का काम किया जा रहा है। ब्लॉकों को डाटा फीडिंग में लखनऊ मुख्यालय से जोड़ा गया है। ब्लॉकों से केवल ग्राम पंचायतों के मतदाताओं का जातीय आंकड़ा मांगा गया है।
अब तक ग्राम पंचायत सीटों पर आरक्षण निर्धारण जनपद मुख्यालय स्तर पर होता था, मगर इस बार ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा, बीडीसी, प्रधान और जिला पंचायत सदस्यों की सीटों पर आरक्षण की ऑनलाइन व्यवस्था लखनऊ से तय होगी। पंचायतों में आरक्षण लागू करने के लिए राजस्व ग्रामों की जनसंख्या का आकलन किया जाएगा। पांच साल पहले चुनाव के समय ग्राम पंचायत की क्या स्थिति थी, वर्तमान में क्या स्थिति है, उसी आधार पर तय होगा कि उस ग्राम पंचायत की सीट किस प्रत्याशी के लिए आरक्षित होगी।