त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के तहत जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) के प्रथम चरण में होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। कलेक्ट्रेट में नामांकन करने प्रत्याशी समर्थकों के साथ पहुंचे। एत्मादपुर और फतेहाबाद तहसील के 15 जिला पंचायत वार्डों के लिए कुल 249 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है।
रिटर्निंग आफीसर नगेंद्र कुमार के मुताबिक सोमवार को जिला पंचायत सदस्य के लिए 131 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। मंगलवार को 118 लोग नामांकन करने पहुंचे। एत्मादपुर तहसील में मंगलवार को कुल 59 और फतेहाबाद तहसील में भी 59 नामांकन किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 25 प्रत्याशियों ने वार्ड संख्या चार से पर्चा भरा है। बुधवार से नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया शुरू होगी। एक अक्तूबर से नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी।
आठ बजे से ही नामांकन
सोमवार को नामांकन पत्र जमा करने में परेशानी हुई थी। आखिरी दिन अधिक भीड़ होने के चलते रिटर्निंग आफीसर और उनकी टीम आठ बजे से ही नामांकन कक्ष में पहुंच गई थी। हालांकि नामांकन की प्रक्रिया दस बजे के बाद ही प्रारंभ हो सकी।
किस वार्ड से कितने पर्चे दाखिल
वार्ड संख्या नामांकन संख्या
01 11
02 09
03 10
04 10
05 04
06 07
07 08
36 08
37 09
38 08
39 04
40 13
41 07
42 09
43 01
द्वितीय चरण के लिए 86 ने लिए नामांकन पत्र
आगरा। जिला पंचायत और बीडीसी के द्वितीय चरण के चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है। खेरागढ़ तहसील के ब्लाक जगनेर, खेरागढ़, सैंया में चुनाव होंगे और सदर तहसील अकोला ब्लाक में 13 अक्तूबर को मतदान होना है। नामांकन जमा करने की प्रक्रिया एक अक्तूबर से शुरू होगी। यहां जिला पंचायत सदस्य के लिए सोमवार को 32 और मंगलवार को 54 नामांकन पत्र खरीदे गए हैं।
बीडीसी: कुल 2049 दावेदारों ने भरे पर्चे
फतेहाबाद/शमसाबाद/खंदौली/एत्मादपुर। पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में बीडीसी के लिए कुल 2049 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन मंगलवार को खंड विकास कार्यालय फतेहाबाद में 157 पर्चे दाखिल किए गए। इस प्रकार यहां दो दिन में कुल 422 पर्चे भरे गए। आरओ एके सिंह ने बताया कि 30 सितंबर और एक अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। शमसाबाद में विकास खंड कार्यालय में मंगलवार को 344 नामांकन किए गए। इस तरह दोनों दिन में कुल 566 पर्चे दाखिल किए गए। खंदौली में मंगलवार को 422 नामांकन हुए। खंड विकास अधिकारी ब्रजमोहन अंबेड ने बताया कि दोनों दिन में कुल 645 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। वहीं, एत्मादपुर में बीडीसी पद के लिए दो दिन में कुल 416 दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया।