मैनपुरी। राजीव गांधी नगर में एक पेंटर का पत्नी से विवाद हो गया। पत्नी और बच्चों से हाथापाई करने के बाद वह गुस्से में शौचालय में चला गया और कुंडी लगाकर तेजाब पी लिया। आनन फानन परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन बगैर किसी कानूनी कार्रवाई शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए।
कोतवाली क्षेत्र के राजीव गांधी नगर निवासी विनोद कुमार (45) घरों में पैंट करने का काम करते थे। बृहस्पतिवार की दोपहर को वह काम करने के बाद घर वापस लौटे तो शराब के नशे में थे। इसी बात को लेकर पत्नी से उनका विवाद हो गया। गुस्से में विनोद ने पत्नी और बच्चाें के साथ हाथापाई कर दी। इसके बाद वह शौचालय में चले गए और अंदर से कुंडी बंद कर ली। शौचालय में रखा तेजाब पी लिया। जानकारी होने के बाद परिजन आनन फानन विनोद को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। पोस्टमार्टम कराने से मना करते हुए परिजन शव को घर ले गए।