आगरा। ईरान-इस्राइल युद्ध की तपिश से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग झुलसने लगा है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में आए उछाल के कारण पैकेजिंग मटेरियल की लागत में 70 प्रतिशत तक की अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय उद्यमी गहरे संकट में हैं।
नेहरू नगर स्थित भगत हलवाई पर सोमवार को आयोजित चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में उद्यमियों ने अपनी व्यथा साझा की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजकुमार भगत ने कहा कि युद्ध के कारण कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति बाधित होने और पैकेजिंग मटेरियल की किल्लत से उद्योग की कमर टूट रही है।
संस्था के उपाध्यक्ष आशीष गर्ग ने बताया कि पीवीसी दाना महंगा होने से पैकिंग सामग्री के दाम आसमान छू रहे हैं। लागत में भारी बढ़ोतरी के बावजूद बाजार में विक्रय मूल्य नहीं बढ़ाया जा सकता, जिससे इंडस्ट्री को सीधा नुकसान हो रहा है। सचिव विकास चतुर्वेदी ने केंद्र व प्रदेश सरकार से मांग की कि इस संकट से उबारने के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जाए।
जून में सजेगा फूड एक्सपो 2026
अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि जून में राष्ट्रीय स्तर का फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। इस बार एक्सपो में कोल्ड चेन और आधुनिक फूड पैकेजिंग मशीनरी पर विशेष फोकस रहेगा, जिससे नए निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में अनुज सिंघल, नितिन गोयल, सिद्धार्थ अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अपार्क शर्मा, दिलीप कुमार आदि मौजूद रहे।