कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते आगरा में ऑक्सीजन की मांग चार गुनी हो गई है। ऑक्सीजन सिलिंडर की कीमत भी डेढ़ गुनी बढ़ा दी गई है। आईएमए अध्यक्ष डॉ. आरएम पचौरी का कहना है कि ऑक्सीजन की आपूर्ति करने वाली कंपनियां बमुश्किल दो गुनी ही आपूर्ति कर पा रही हैं।
उन्होंने बताया कि सरकारी और निजी पांच अस्पतालों में संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है। औसतन हर अस्पताल में 40 से 45 सिलिंडरों की रोज जरूरत पड़ रही थी। अप्रैल-मई में रोजाना 70 से 80 सिलिंडर की मांग होने लगी, जून में कुछ कमी आई, लेकिन जुलाई में अप्रैल वाली स्थिति बन गई।
अगस्त में ऑक्सीजन की मांग तीन गुनी हुई तो बीते सप्ताह से कोविड अस्पतालों में रोज 140 से 160 सिलिंडर की मांग आने लगी। कंपनियों ने चार गुने सिलिंडर की आपूर्ति से हाथ खड़े कर दिए हैं। गंभीर मरीजों को देखते हुए अस्पतालों को डेढ़ से दोगुने दाम में खरीद करनी पड़ रही है।