स्टेशन रोड स्थित दुकान से ऑक्सीजन सिलिंडर ले जाता युवक
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। पूरे देश से ऑक्सीजन के लिए मारामारी मची हुई है। ऐसे में जिले में भी ऑक्सीजन की मांग बढ़ी है। स्थिति यह है कि ऑक्सीजन सिलिंडर के मनमाने दाम जिले में वसूले जा रहे हैं। मजबूरी में लोग ऊंचे दामों पर सिलिंडर खरीद रहे हैं।
ऑक्सीजन की किल्लत की खबरों के बीच अस्थमा, सांस के मरीजों के लिए अचानक लोगों ने ऑक्सीजन सिलिंडर खरीदने शुरू कर दिए हैं। ऑक्सीजन सिलिंडर की मांग बढ़ने पर विक्रेताओं ने मनमाने दाम वसूलने शुरू कर दिए हैं। स्थिति यह है कि छह हजार रुपये में मिलने वाला ऑक्सीजन सिलिंडर दस हजार रुपये, दस हजार रुपये में मिलने वाला ऑक्सीजन सिलिंडर 20 हजार रुपये, 15 हजार रुपये में मिलने वाला ऑक्सीजन सिलिंडर 20 हजार रुपये में मिल रहा है। कई दुकानदार तो मुंबई से ऑक्सीजन सिलिंडर मंगाने तक का आश्वासन दे रहे हैं।