शिल्पग्राम रोड पर सीवर उफनने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को गंदे पानी व दुर्गंध के बीच आवाजाही करनी पड़ी। शिकायत मिलने पर वबाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर चोक सीवर लाइन की सफाई कर व्यवस्था बहाल की।
आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित पुलिस चौकी से शिल्पग्राम की ओर जाने वाले पर्यटकों और क्षेत्रीय लोगों को रिट्रीट होटल के पास सड़क पर उफनते सीवर से होकर निकलना पड़ा। पर्यटकों की आवाजाही वाले इस रास्ते में उफनते सीवर से लोग परेशान रहे।
सामाजिक कार्यकर्ता रविकांत दुवेश ने सीवर उफनाने की शिकायत नगर निगम से की, जिसके बाद शाम को इसकी सफाई के लिए वबाग की टीम पहुंची। वबाग के प्रोजेक्ट मैनेजर तनवीर शर्मा ने बताया कि नाहरगंज नाला इस सीवर लाइन में जुड़ा हुआ है, जिस वजह से नाले में आ रही प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य कचरा सीवर लाइन को चोक कर देता है। शाम को लाइन की सफाई कराकर इसे चालू करा दिया गया है।