बाह: बारिश से उफनाए तालाबों का पानी गलियों में भरा, स्कूलों तक पहुंचा
बाह। जैतपुर और बाह क्षेत्र में मंगलवार को दूसरे दिन भी बादल बरसे। बारिश के चलते उफनाए धनियापुरा, भाऊपुरा एवं मिड़कौली के तालाब का पानी स्कूलों तक पहुंच गया। प्रवेश द्वार तक भरे पानी से बच्चों के आने जाने को लेकर अभिभावक परेशान रहे। मढ़ेपुरा, सहाबरायपुरा, धोबई, पार्वतीपुरा, नरहोली, उदयपुर कला के तालाबों का पानी भी गलियों तक पहुंचने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने पानी निकासी कराकर तालाब खाली कराए जाने की मांग की है।
बारिश के चलते हुए जल भराव से रामकुआं, हिंगोटखेडा, राजारामपुरा, बिजौली, पुरा कनेरा, सामरेमऊ, रूपपुरा, जैतपुर, मंगदपुर, एमनपुरा आदि गांवों के कच्चे पक्के रास्तों पर कीचड़ और दलदल के हालात पैदा हो गए हैं। राहगीरों के हादसे का खतरा बढ़ गया है। भाकियू नेता मोनू शर्मा, वीरेन्द्र सिंह तोमर, भानु प्रताप सिंह चौहान ने पानी निकासी की मांग ब्लॉक प्रशासन से की है।