भारत माता की जय, जय हिंद, जय नारी शक्ति और नारी हूं कमजोर नहीं के उद्घोष से मुरारी खत्री गर्ल्स इंटर कॉलेज का परिसर गूंज उठा। अमर उजाला के सामाजिक अभियान अपराजिता के तहत आयोजित सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण में 200 से अधिक छात्राओं ने मार्शल आर्ट की आत्मरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. पूनम मिश्रा ने किया। पांचवीं डान ब्लैक बेल्ट धारक अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक मास्टर पंकज शर्मा ने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में खुद का बचाव करने के तरीके सिखाए। प्रशिक्षण की शुरुआत वार्मअप और स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज से हुई। इसके बाद पंच को मजबूत तरीके से लगाने, सिंगल फेस पंच, फ्रंट चॉप, ओपन फ्रंट चॉप, साइड ब्लॉक और अपर ब्लॉक का अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण में कलाई पकड़ने की स्थिति में खुद को छुड़ाने और सुरक्षित तरीके से बचाव करने की तकनीक भी सिखाई गई। छात्राओं को बताया गया कि आपात स्थिति में आसपास मौजूद सामान्य वस्तुओं का इस्तेमाल भी खुद को सुरक्षित रखने के लिए किया जा सकता है। स्कूटी और साइकिल की चाबी, मोबाइल फोन, स्कूल बैग, पर्स, पेन, हेयर बैंड और हेयर क्लिप के इस्तेमाल का अभ्यास कराया गया।
मास्टर पंकज शर्मा ने मार्शल आर्ट की विभिन्न सेल्फ डिफेंस तकनीकों का प्रदर्शन भी किया। इसे देखकर छात्राओं में उत्साह बढ़ा और उन्होंने प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में अमर उजाला की ओर से बेहतर प्रदर्शन करने वाली 20 छात्राओं को पुस्तकें और 35 छात्राओं को कैंसर सुरक्षा संबंधी पुस्तकें भेंट की गईं। प्रधानाचार्या डॉ. पूनम मिश्रा को ईयर बुक प्रदान की गई। विद्यालय की शिक्षिका ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के डॉ. अर्चना, मोनिका सिंह, संध्या, नंदनी आदि का स्टाफ का सहयोग रहा।
इन विद्यार्थियों को मिली किताबें
मानवी, आरुषि, श्री, नंदनी, अक्षरा, कनक, वर्तिका, अनुष्का, नेहा, महक, दामिनी, नैना, पूजा आदि को किताबें दी गईं।