करहल। कस्बा निवासी भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री की फेसबुक से मोहम्मद साहब को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट से मुस्लिम समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। शुक्रवार शाम को थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। वहीं नेता की ओर से इस तरह की पोस्ट करने से इंकार किया गया।
शुक्रवार की शाम मुस्लिम समाज के कुछ लोग थाने पहुंचे। तहरीर देकर बताया कि मोहल्ला मनिहारन निवासी अनुकल्प प्रताप के द्वारा मोहम्मद साहब को लेकर फेसबुक पर एक पोस्ट की गई है। इसको लेकर समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इस तरह की पोस्ट से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई है। सभी ने थाना के बाहर प्रदर्शन कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अनुकल्प ने बताया उनके द्वारा इस तरह की कोई पोस्ट नहीं की गई। उनकी आईडी को हैक कर ऐसा किया गया है। वह किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के पक्षधर नहीं हैं। उधर तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संवाद