कासगंज। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम बहेटा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। सर्दी, खांसी व चर्म रोग से पीड़ित मरीज सामने आए। टीम ने 20 मरीजों का इलाज कर दवा उपलब्ध कराई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम डॉ. पीके वर्मा के नेतृत्व में गांव में पहुंची। टीम ने गांव में मिले मलेरिया पीड़ित बालक व महिला का हाल पूछा। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों की जांच की। जांच में परिवार के किसी भी सदस्य में बुखार नहीं पाया गया। गांव में अन्य परिवारों में भी बुखार से पीड़ित लोगों के बारे में जानकारी की गई, लेकिन किसी में बुखार नहीं पाया गया। ग्रामीणों ने मौसम की वजह से सर्दी, खांसी की शिकायत बताई। इसके अलावा चर्म रोग की भी शिकायत बताई। गांव में ऐसे 20 मरीज मिले। ग्रामीणों को संक्रामक रोगों के बारे में जागरूक किया। ग्रामीणों को समझाया गया कि वे अपने घरों की छतों पर पानी जमा न होने दें। कूलर, फ्रिज की समय से सफाई करते रहें। आसपास पानी जमा न होने दें। जमा पानी में केरोसिन डाल दें। टीम में डॉ. सरस्वती, स्टाफ नर्स विमलेश, नेत्र सहायक अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।