आगरा। नगर निगम के गृहकर बकायेदारों के लिए तीन माह पहले लाई गई एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में ऑनलाइन आवेदन की मियाद पूरी हो गई। योजना के तहत 14 नवंबर तक गृहकर, संपत्तिकर के 13 हजार आवेदन आए। अब आवेदन करने वालों को एक माह में बकाया रकम जमा करनी है। योजना के तहत रकम जमा करने पर ब्याज में छूट मिलेगी। इस दाैरान निगम को छह करोड़ रुपये का बकाया गृहकर मिला।
महीने के दूसरे शनिवार को अवकाश के दिन भी नगर निगम के चारों जोन कार्यालय खुले रहे। इनमें ओटीएस का लाभ देने के लिए ऑनलाइन आवेदन देर रात तक कराए गए। रविवार को नगर निगम के सभी जोनल कार्यालय और कैश काउंटर सामान्य कार्य दिवसों की तरह खुले रहेंगे। इससे भवन स्वामियों को गृहकर जमा करने का अवसर मिल सकेगा।
प्रभारी कर अधिकारी एवं सहायक नगर आयुक्त (द्वितीय) श्रद्धा पांडेय के अनुसार सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में स्टाफ के साथ विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही डोर-टू-डोर वसूली अभियान चलाकर अधिक से अधिक बकायेदारों से कर जमा कराने के लिए कहा गया है। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र भवन स्वामी ओटीएस योजना का लाभ लेने से वंचित न रह जाए।
सबसे ज्यादा हरीपर्वत जोन में आवेदन
नगर निगम के चारों जोन में से हरीपर्वत में ओटीएस के 4,500 से ज्यादा आवेदन हुए हैं। दूसरे नंबर पर छत्ता जोन है, जहां लगभग 3,800 आवेदन हुए हैं। तीसरे नंबर पर लोहामंडी जोन में तीन हजार और ताजगंज जोन में 1,750 आवेदन हुए हैं। अब तक करीब 11 हजार आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। 50 आवेदन निरस्त भी किए जा चुके हैं। अन्य आवेदनों की जांच जारी है।