बटेश्वर मे छठ पर्व पर यमुना मे स्नान करती महिलाएं
बटेश्वर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर शनिवार को तीर्थ नगरी बटेश्वर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। छठ महापर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। यमुना नदी के घाटों पर बड़ी संख्या में व्रतधारी महिलाओं और श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर सूर्य को अर्घ्य दिया। यमुना घाटों पर दिनभर पारंपरिक गीत गूंजते रहे।
तीर्थ नगरी के प्रमुख रानी घाट, गौरा कक्ष घाट और ब्रह्मलाल घाट समेत अन्य सभी घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पारंपरिक और उल्लासपूर्ण परिधानों में सजी महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान भास्कर (सूर्य देव) की आराधना की। इस दौरान घाटों पर गूंज रहे छठ के पारंपरिक मंगल गीतों से पूरा बटेश्वर क्षेत्र भक्तिमय और गुंजायमान हो उठा। व्रती महिलाओं ने सूर्य देव को यमुना के पावन जल में खड़े होकर जल का अर्घ्य दिया। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की मंगल कामना की। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रसाद वितरण किया। श्रद्धालुओं की भीड़ और मेले को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आयोजन समितियों की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। यमुना नदी के तट पर सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों और पुलिस बल की तैनाती रही।