एत्मादपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर दो बीएलओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश एसडीएम एत्मादपुर ने किए हैं।
सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व तहसीलदार एत्मादपुर ब्रह्मानंद कठेरिया ने एसडीएम अंजनी कुमार सिंह एसडीएम को भेजी रिपोर्ट में लिखा है कि खंदौली ब्लॉक क्षेत्र के गांव ऊंचा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका ममता सोनी को नगला मोहनलाल स्थित गीतम सिंह इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या एक पर बीएलओ नियुक्त किया है।
वहीं एत्मादपुर ब्लॉक के गांव नगला पचौरी के प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका अनीता बघेल को मतदेय स्थल 375 गांव नगला पचौरी के प्रथमिक विद्यालय के कक्ष संख्या एक पर बीएलओ नियुक्त किया गया है। दोनों ने पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही की है। जिस पर एसडीएम अंजनी कुमार सिंह ने थाना खंदौली व थाना बरहन के प्रभारियों को दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश किए हैं।