आगरा में फिलिंग स्टेशन से बिना हेलमेट बाइक सवार को पेट्रोल नहीं बेचने का आदेश तीन दिन में काफूर हो गया। 26 जनवरी से रोक का फरमान जारी कर अफसर सो गए। बुधवार को भगवान टॉकीज, टेढ़ी बगिया, हाथरस रोड सहित तमाम पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट खुलेआम पेट्रोल बिकता रहा। सड़क हादसों में बिना हेलमेट होने वाली मौतों को कम करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई पहल की।
परिवहन आयुक्त को दुपहिया वाहन चालक व सवारी के लिए हेलमेट पहनने पर ही पेट्रोल बेचने के आदेश दिए। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने 26 जनवरी से इस व्यवस्था को लागू करने के निर्देश दिए। बुधवार को अमर उजाला ने पड़ताल की। धरातल पर हकीकत सामने आई।
भगवान टॉकीज स्थित न्यू आगरा सर्विस स्टेशन, इंडियन ऑयल पंप पर बिना हेलमेट पहुंचे लोगों की बाइक में पेट्रोल भरा जा रहा था। पेट्रोल देने से मना करना तो दूर पंप कर्मी उनसे हेलमेट के बारे में पूछ तक नहीं रहे थे। दिखावे के लिए पंप पर चारों तरफ नो हेलमेट नो फ्यूल के पोस्टर चस्पा थे।