आगरा। अगर आपकी उम्र भी 1 जनवरी 2027 तक 18 साल हो रही है या आप वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का काम शुरू हो गया है। मंगलवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के दफ्तर और जिला निर्वाचन कार्यालय में मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
एडीएम सिटी यमुनाधर चाैहान ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच युवा अपने बूथ पर तैनात बीएलओ या सुपरवाइजर के पास जाकर फॉर्म भरकर दे सकते हैं। नया वोट बनवाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। आयोग के आदेश पर 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाए जाएंगे, जिनमें बीएलओ अपने-अपने बूथ पर बैठकर लोगों को वोटर लिस्ट पढ़कर सुनाएंगे।
फॉर्म-6 के साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर, आयु प्रमाण-पत्र, पते का सबूत और परिवार के किसी सदस्य के वोटर आईडी कार्ड की फोटोकॉपी जमा करनी होगी। वहीं, अगर किसी का नाम सूची से हटवाना है तो उसके लिए फॉर्म-7 और नाम या पते में किसी तरह का संशोधन करवाना है तो फॉर्म-8 भरकर अपने नजदीकी मतदान केंद्र या तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र पर जमा किया जा सकता है।