मथुरा-वृंदावन में चल रही इलेक्ट्रिक बस में टिकट को लेकर बड़ा खेल किया जा रहा था। इस मामले में परिचालक संलिप्त था। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें परिचालक की हैरान कर देने वाली सच्चाई सामने आई।
इलेक्ट्रिक बस का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दिखाया गया कि एक परिचालक द्वारा यात्रियों से पैसा वसूलने के बाद भी टिकट नहीं दिया जा रहा था। इसके साथ ही परिचालक द्वारा बस में सवार लोगों से अभद्र व्यवहार भी किया जा रहा था।
वायरल हो रहे इस वीडियो पर नगर आयुक्त अनुनय झा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच कराई। जांच के उपरान्त परिचालक की पहचान पुनीत गोला पुत्र श्यामलाल के रूप में हुई। नगर आयुक्त ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से परिचालक की सेवा समाप्त करने के आदेश दिए। इसके साथ ही परिचालक के विरुद्ध धारा 409, 504 एवं 506 के अन्तर्गत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
नगर आयुक्त ने इलेक्ट्रिक बसों के सभी बस ड्राइवरों एवं परिचालकों को आदेशित किया गया है कि वे यात्रियों के साथ किसी भी दशा में अभद्र व्यवहार न करें एवं यात्रियों से टिकट के पैसे लेने के उपरान्त टिकट अवश्य दें। यदि कोई प्रकरण संज्ञान में आता है तो सम्बन्धित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।