रफ़रोजाबाद ! 100 शैय्या मातृ एवं शिशु चिकित्सालय
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सुुहागनगरी से डेंगू और वायरल का प्रकोप नहीं थम रहा है। बुधवार को भी सौ शैय्या अस्पताल की नवनिर्मित बिल्डिंग में ओपीडी में बाल रोगियों की संख्या 350 के पार पहुंच गई। विगत 24 घंटे में 150 नए मरीजों को भर्ती किया गया है और वर्तमान में 260 मरीज भर्ती हैं। अब डेंगू-वायरल के साथ ही डायरिया के मरीज भी अस्पताल में आ रहे हैं।
नवनिर्मित बिल्डिंग में ओपीडी में रजिस्ट्रेशन के लिए बुधवार को सुबह से ही भीड़ लग गई। परिजन अपने बच्चों को बैठाकर लाइन में खड़े नजर आए। यहां जांच के बाद चिकित्सक ने दवा देने से पूर्व रक्त जांच बता दी तो मरीज अपने बच्चों को लेकर लाइन में सैंपल देने के लिए घंटों खड़े रहे। दवा काउंटर पर भी भीड़ रही। हालांकि मेडिकल कॉलेज ने रक्त जांच सैंपल के लिए अलग से काउंटर बनाए हैं। इसके बाद भी मरीजों की संख्या बढ़ने से लंबी कतारें लग रही हैं। प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि पहले से मरीजों की संख्या घटी है।
ट्रॉमा सेंटर में सात पलंग और बढ़ाए
सरकारी ट्रामा सेंटर में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। ऐसे में ट्रॉमा सेंटर में सात पलंग और बढ़वाए गए हैं। हालांकि ये पलंग भी फुल हो गए हैं। मरीजों की लगातार संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग चिंतित हैं।
मरीज से ज्यादा तीमारदार
अस्पताल में मरीजों से ज्यादा तीमारदार हैं। वार्ड नंबर पांच और चार के बाहर तीमारदारों की भीड़ लगी रहती है। एक मरीज के साथ पांच से छह तीमारदार आ रहे हैं। भर्ती मरीजों के रिश्तेदार भी देखने को आ रहे हैं। इससे अस्पताल में खासी भीड़ हो रही है।