मैनपुरी। जिले में कोरोना संक्रमण रोकने में स्वास्थ्य विभाग की पहल सफल हो रही है। पिछले 24 घंटे में जिले में मात्र छह कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं दो दिन से किसी भी संक्रमित की मौत भी नहीं हुई है। जिले में 24 लोग कोरोना संक्रमित से ठीक हुए हैं। वहीं एक और संक्रमित को कोविड वार्ड से ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9747 पहुंच गई है। वहीं एक्टिव केस की संख्या घटकर 245 रह गई है।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या कम होने पर स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। शनिवार को होम आइसोलेट 23 और कोविड अस्पताल में भर्ती एक संक्रमित ने कोरोना संक्रमण से निजात पा ली। वहीं जिले के किशनी, सुल्तानगंज और मैनपुरी विकास खंड में पिछले 24 घंटे में दो-दो कोरोना संक्रमित पाए गए। सभी छह को होम आइसोलेट किया गया है। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच कराई जाए। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी सीएचसी और जिला अस्पताल में टीकाकारण कार्य जारी रहा।