मैनपुरी। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमती नजर आ रही है। पिछले 24 घंटे में जिले में मात्र छह कोरोना संक्रमित मिले। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9741 पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में जिले में 45 लोग ठीक हुए हैं।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रयास के बाद जिले में कोरोना संक्रमण से बड़ी राहत मिली है। जहां पहले एक दिन में 300 से अधिक लोग कोरोना संक्रमित मिलते थे वहां अब यह सख्या घट कर 10 से भी नीचे आ गई है। पिछले 24 घंटे में जिले में मात्र छह कोरोना संक्रमित मिले। शुक्रवार को शांतिनगर में एक महिला, चंदरपुर में एक पुरुष, विरतिया में एक महिला, शमशेर गंज में एक पुरुष, मकबूलपुर में एक युवक और भोगांव में एक युवक कोरोना संक्रमित मिला। सभी को होम आइसोलेट किया गया है। सीएमओ ने संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
कुरावली में 54 लोगों को लगाई गई वैक्सीन
कुरावली। शुक्रवार को कोरोना से बचाव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण कराया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 21, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर में 11, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योंती पर 22 लोगों को टीका लगाया गया।
कोविड वार्ड के लिए मिले सिलिंडर और कंसंट्रेटर
मैनपुरी। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि राइटवॉक फाउंडेशन लखनऊ ने दो दिन पूर्व हुई वार्ता के क्रम में जिले के लिए 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और 15 डी टायप ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराए हैं। इनका प्रयोग जिला अस्पताल स्थित कोविड लेवल टू वार्ड में किया जाएगा।