मैनपुरी। जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव की छात्रा की कथित हत्या व दुष्कर्म मामले में पूर्व प्रधानाचार्या और मृतक छात्रा के बीच अंदरूनी विवाद चल रहा था। एसआईटी के हाथ लगे एक पत्र से यह बात सामने आई है। छात्रा द्वारा लिखे गए नोट में साफ तौर पर कहा गया है कि वह केवल प्रिंसीपल का स्थानांतरण चाहती है। लिखा है ‘ओनली आई वांट टू वी द ट्रांसफर ऑफ प्रिंसीपल’
नवोदय की छात्रा की कथित हत्या व दुष्कर्म मामले में जांच कर रही एसआईटी-2 मौत के लिए जिम्मेदार के तौर पर पूर्व प्रधानाचार्या सुषमा सागर को जेल भेज चुकी है। छात्रा व प्रिंसीपल के बीच के संबंधों को लेकर कई तथ्य सामने आए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों के बीच काफी गहरी अनबन थी। छात्रा को शायद पूर्व प्रधानाचार्या बिल्कुल भी पसंद नहीं थी, इसके पीछे की वजह क्या थी, यह अभी भी पूरी तरह से साफ नहीं है, लेकिन इतना साफ है कि छात्रा व प्रिंसीपल दोनों एक-दूसरे की कई बातें जानते थे। छात्रा तो इस कदर नाराज थी कि उसके द्वारा लिखे गए एक नोट में लिखा गया कि ‘ओनली आई वांट टू वी द ट्रांसफर ऑफ प्रिंसीपल’ यह शब्द साफ करते है कि छात्रा प्रिंसीपल की विद्यालय में मौजूदगी पसंद नहीं करती थी। क्यों इसको लेकर अभी तक किसी के पास कोई ठोस प्रमाण व पुख्ता जानकारी मौजूद नहीं हैं।