आगरा में एक बिल्डर को ऑनलाइन ठगों ने लाखों का चूना लगा दिया। उसके खाते से 98.70 लाख की रकम पार हुई है। पूरे मामले में बैंककर्मियों की मिलीभगत भी सामने आ रही है।
बता दें कि आगरा में पुष्पांजलि ग्रुप के मालिक मयंक अग्रवाल का एचडीएफसी बैंक में खाता है। उनके खाते से 98.70 लाख रुपये निकाले की जानकारी उन्हें हुई। 17 और 18 जनवरी को यह रकम बैंक से निकाली गई है।
बताया गया है कि बैंक में ही धर्मेंद्र सिंह नाम के एक व्यक्ति का खाता था। उसने पुष्पांजलि ग्रुप के मालिक मयंक अग्रवाल के खाते का केवाईसी फॉर्म भरा। फॉर्म में मोबाइल नंबर चेंज कर दिया। इसके बाद अपना मोबाइल नंबर दिया।
उसी मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन बैंकिंग का ओटीपी प्राप्त कर लिया। उनके खाते से पूरा पैसा अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। बैंक से अपने खाते से रकम कैश में निकाल ली। अनजान व्यक्ति के केवाईसी फार्म भरने के पीछे बैंककर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।