आगरा। अब जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की ऑनलाइन हाजिरी लगेगी। मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान शासन से पत्राचार कर इसे सुनिश्चित कराने के लिए निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई प्रस्ताव बनाने के लिए कहा। बाह और जगनेर में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने के लिए 50-50 बेड के चिकित्सालय बनाने के प्रस्ताव तैयार करने के लिए निर्देश दिए। नेशनल हाईवे पर इमरजेंसी सेवा के लिए नया ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने के लिए भूमि चिह्नित करने, सीएमओ कार्यालय के पास मानसिक स्वास्थ्य संस्थान की रिक्त भूमि पर नए अस्पताल भवन का निर्माण कर लेडी लॉयल अस्पताल को शिफ्ट करने व उसकी वित्तीय कार्ययोजना तैयार कर अगली बैठक में पेश करने को कहा। मंडलायुक्त ने एसएन मेडिकल कॉलेज में चल रहे विभागों, सेवाओं, इमरजेंसी, दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। अस्पताल परिसर में खाली पड़ी पुरानी बिल्डिंग, ब्लॉक के साथ खाली जमीनों की सर्वे रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। परिसर के अन्दर क्षतिग्रस्त सड़कों का जीर्णोद्धार के लिए कहा और जिला अस्पताल परिसर में सीवर लाइन के लिए नगर आयुक्त को संयुक्त टीम के साथ निरीक्षण कर स्थायी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय विभाग में पाठ्यक्रमों को चलाने के लिए फैकल्टी की नियुक्ति एवं स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के संचालित करने के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा है।