मिट्टी की ढाय गिरने के बाद राहत और बचाव कार्य में जुटे स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
तीर्थनगरी के लहरा रोड पर मंगलवार को बोरिंग के लिए गड्ढा खोद रहे मजदूर मिट्टी की ढाय गिरने से उसमें दब गए। काफी प्रयासों के बाद दोनों मजूदरों को मिट्टी हटाकर बाहर निकाला गया। एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरे मजदूर का सोरों के अस्पताल में इलाज चल रहा है। मजदूर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
लहरा रोड पर यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। जब मोहल्ला मढ़ई निवासी दीनानाथ के शकरकंदी के खेत में पानी की निकासी के लिए इंजन के लिए बोरिंग करने को मजदूर गड्ढा खोद रहे थे। मजदूर हरि सिंह (42) पुत्र किशोरी निवासी मोहल्ला योगमार्ग एवं जयपाल पुत्र व़िद्याराम निवासी पाठकपुर खोदाई का काम कर रहे थे। 10 फीट तक खोदाई हो चुकी थी।
गड्ढे में पानी भी निकल आया था। दोनों मजदूर गड्ढे में नीचे थे तभी मिट्टी की ढाय गिर गई। ढाय गिरने पर मजदूरों की चीख सुनाई दी। वहां मौजूद अन्य लोग भी चिल्लाने लगे। आस पास खेतों में काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। आनन फानन में मिट्टी हटाने का काम शुरू किया गया। करीब एक घंटे के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, लेकिन दम घुटने से हरी सिंह की मौत हो गई। जबकि दूसरा मजदूर जयपाल भी अचेत अवस्था में था।