कासगंज। वन स्टॉप सेंटर एवं शेल्टर होम की अव्यवस्थाओं को लेकर अमर उजाला की खबर का असर सामने आया। डीएम हर्षिता माथुर ने अखबार की खबर को संज्ञान लिया और सोमवार को वह वन स्टॉप सेंटर के औचक निरीक्षण को पहुंची। उन्होंने अव्यवस्थाओं पर निरीक्षण के दौरान नाराजगी जाहिर की। बिजली का कनेक्शन काटे जाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर कर उन्होंने अधिशासी अभियंता को विद्युत कनेक्शन जोड़ने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर वन स्टॉप सेंटर पहुंची। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था सही न होने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पीओ डूडा विद्याशंकर पाल को मौके पर बुलाया और शेल्टर होम की देखरेख करने वाली संस्था को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सफाई कार्य के लिए कर्मियों की तैनाती होने के बावजूद सफाई नहीं की जा रही। उन्होंने संस्था को बकाया बिजली बिल के भुगतान के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्णय लिया कि वन स्टॉप सेंटर को संयुक्त जिला चिकित्सालय के समीप नव निर्मित भवन में दो दिन में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने प्रोबेशन अधिकारी ओम प्रकाश को भी निर्देश दिए कि वे वन स्टॉप सेंटर पर आने वाली पीड़िताओं की समस्याओं का निदान समयबद्ध तरीके से कराएं और उनका फॉलोअप भी करें।