फिरोजाबाद में झोलाछाप की बिजली के टावर में चढ़ने की हरकत ने पुलिस की सांस फुला दी। उसके इस बड़े कदम से आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद हो गए। कई घंटे तक माहौल गर्म रहा। इस बीच पुलिस और झोलाछाप के जान-पहचान के लोग मान मनौव्वल करते रहे। लेकिन वह अपनी मांग को लेकर अड़ा रहा।
असलम फिरोजाबाद के कश्मीरी गेट में रहता है। वह झोलाछाप है। वह बुधवार दोपहर को थाना रामगढ़ के अब्बास नगर के बिजली टावर पर चढ़ गया। इसे देखकर स्थानीय लोगों ने समझाने की कोशिश की। वह इन सभी बातों की अनुसुनी करते हुए टावर के ऊपर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसे देखकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
थाना रामगढ़ की पुलिस मौके पर पहुंची और झोलाछाप असलम हो उतरने को कहा। असलम ने उतरने से पहले अपनी एक शर्त रख दी। उसने कहा कि उससे एक मरीज ने इलाज कराया है। उस पर 27 हजार रुपये का बिल है। मरीज के परिजन बिना बिल चुकाए चले गए हैं। उसे जब तक 27 हजार रुपये दिलाए नहीं जाएंगे, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। पुलिस बिजली के टॉवर से उतरने की मान मनौव्वल करती रही। उसे उतरकर मामले के निपटारे का भरोसा दिलाती रही। इस दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।