आगरा में कोरोना वायरस के नए मरीजों की संख्या में कमी आई है, लेकिन 18 अक्तूबर से मौत का सिलसिला नहीं थमा है। शुक्रवार को एक और मरीज ने दम तोड़ा दिया। जिले में यह 141वीं मौत है। वहीं, 44 और लोग संक्रमित पाए गए हैं।
विज्ञापन
मृतक मरीज 65 वर्षीय महिला थी। जगदीशपुरा निवासी यह महिला मधुमेह से ग्रस्त थी। कोरोना संक्रमित होने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। मरीज की मृत्यु से शुक्रवार को संक्रमित मृतक संख्या 141 हो गई है।
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बताया कि 44 नए मरीज मिलने से कुल संक्रमितों का आंकड़ा 6943 पर पहुंच गया है। इनमें 6368 मरीज ठीक हो चुके हैं। 434 मरीजों का उपचार चल रहा है। जिले में अब तक 2,48,521 लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
नए मरीजों में चिकित्सक और 15वीं वाहिनी पीएसी के जवान भी हैं। दयालबाग के सूर्य एन्क्लेव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें दो साल की बच्ची और नौ साल का बच्चा शामिल है।
सुभाष बाजार में भी एक ही परिवार के दो सदस्य संक्रमित मिले हैं। उत्तमपुरी, बल्केश्वर, किरावली, रिंग रोड, तोता का ताल, लड़ामदा, बोदला, गोकुलपुरा, बृजविहार खंदारी, शिवपुरी कॉलोनी, आवास विकास, राजीव नगर, सिकंदरा, हरीश नगर एक्सटेंशन में कोरोना वायरस के मरीज मिले हैं।
स्वास्थ्य टीमों ने 30,602 लोगों की स्क्रीनिंग की
कोरोना वायरस के मरीज मिलने पर शुक्रवार को 101 टीमों ने कमला नगर, महावीर नगर, दयालबाग, बल्केश्वर, आवास विकास कॉलोनी, शास्त्रीपुरम, शाहगंज, बोदला, सदर भट्टी, लोहामंडी, ताजगंज, बरौली अहीर, रुनकता, शमसाबाद और जीवनीमंडी में 7067 घरों के 30,602 लोगों की स्क्रीनिंग कर बुखार-खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी के बारे में पूछा।
स्वास्थ्य सर्वे प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि लोगों को आइवरमेक्टिन, एंटी मलेरिया, विटामिन सी और मल्टी विटामिन की दवाएं भी दी गई हैं।